बालकनी या छत पर खाली पड़े हैं गमले? सितंबर में बो दें ये 7 बीज, सर्दियों में घर पर उगेंगी ताजी सब्जियां
Best Vegetables to Grow in September: सितंबर का महीना आते ही मौसम धीरे-धीरे करवट लेने लगता है। दिन में गर्मी भले ही महसूस हो, लेकिन सुबह और शाम की हवा में ठंडक आने लगती है। यही समय है जब आप घर की बालकनी या छत पर रखे गमलों को सर्दियों की सब्जियों के लिए तैयार कर सकते हैं। अगर अभी सही बीज बो दिए जाएं, तो आने वाले महीनों में घर से ही ताजी सब्जियां तोड़ने का मजा लिया जा सकता है।
खास बात यह है कि इसके लिए आपके पास कोई बड़ा खेत या बहुत ज्यादा जगह होने की जरूरत नहीं है। कुछ सब्जियां ऐसे भी हैं जिन्हें सामान्य गमले, ग्रो बैग या कंटेनर में आसानी से उगाया जा सकता है। बस अच्छी मिट्टी, पर्याप्त धूप और थोड़ी नियमित देखभाल चाहिए। तो चलिए जानते हैं सितंबर में किन 7 सब्जियों के बीज आप घर पर बो सकते हैं।

1. पालक
पालक घर के गमले में उगाने के लिए सबसे आसान सब्जियों में से एक है। इसके बीज किसी चौड़े गमले या ग्रो बैग में बोए जा सकते हैं और मिट्टी में हल्की नमी बनाए रखनी चाहिए। पौधों को पर्याप्त रोशनी मिले तो पत्तियां तेजी से बढ़ती हैं और बड़ी होने पर आप जरूरत के हिसाब से उन्हें तोड़कर इस्तेमाल कर सकते हैं।
2. मेथी
मेथी के लिए भी सितंबर का मौसम अच्छा रहता है और इसे उगाने के लिए ज्यादा जगह की जरूरत नहीं पड़ती। एक चौड़े और कम गहरे कंटेनर में भी इसके बीज आसानी से बोए जा सकते हैं। मिट्टी में नमी बनाए रखें और पौधे को कुछ घंटे की धूप मिले तो कुछ ही समय में गमला हरी-हरी मेथी की पत्तियों से भरने लगता है।
3. धनिया
धनिया ऐसी चीज है जो लगभग हर भारतीय रसोई में रोज काम आती है, इसलिए इसे घर में उगाना काफी फायदेमंद रहता है। बीज बोने से पहले धनिया के दानों को हल्का सा दबाकर दो हिस्सों में कर सकते हैं, जिससे अंकुर निकलने में मदद मिल सकती है। गमले को ऐसी जगह रखें जहां पौधे को अच्छी रोशनी मिले और मिट्टी पूरी तरह सूखने न दें।
4. मूली
मूली को गमले में उगाने के लिए थोड़ा गहरा कंटेनर चुनना जरूरी है, क्योंकि इसका खाने वाला हिस्सा मिट्टी के अंदर विकसित होता है। मिट्टी जितनी भुरभुरी होगी, मूली की जड़ को फैलने में उतनी आसानी होगी। बीज बोने के बाद पौधों को पर्याप्त धूप दें और पानी इतना ही डालें कि मिट्टी नम रहे, लेकिन उसमें पानी जमा न हो।
5. गाजर
गाजर उगाने के लिए भी गमला या ग्रो बैग काफी गहरा होना चाहिए। मिट्टी में बड़े पत्थर या बहुत सख्त गांठें न हों, क्योंकि इससे जड़ के बढ़ने में परेशानी हो सकती है। अच्छी धूप, हल्की नमी और भुरभुरी मिट्टी मिलने पर गाजर को घर पर उगाने की अच्छी शुरुआत की जा सकती है।
6. मटर
मटर का नाम आते ही सर्दियों की याद आने लगती है और इसे घर पर भी उगाया जा सकता है। मटर की बेल ऊपर की तरफ बढ़ती है, इसलिए गमले में बीज लगाने के साथ ही लकड़ी, जाली या कोई छोटा सहारा तैयार कर दें। मौसम अनुकूल होने पर बेल तेजी से बढ़ती है और बाद में उसमें फलियां भी आने लगती हैं।
7. सरसों
अगर आपको सर्दियों में सरसों का साग पसंद है तो इसे भी घर के गमले में उगाने की कोशिश कर सकते हैं। इसके लिए चौड़ा कंटेनर लें और बीजों को बहुत ज्यादा गहराई में न बोएं। पौधों के बीच पर्याप्त जगह रखें, ताकि उन्हें बढ़ने के लिए हवा और रोशनी दोनों मिलती रहें।
यह भी पढ़ें: Best Vegetables for Rainy Season: मानसून में भरपूर फसल देने वाली सब्जियां



